सिटी बिग न्यूज | स्पोर्ट्स डेस्क
बॉम्बे हाईकोर्ट ने क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा के तलाक की याचिका पर फैमिली कोर्ट को कल (20 मार्च) तक फैसला सुनाने का आदेश दिया है। जस्टिस माधव जामदार की सिंगल बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि चहल 21 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हिस्सा लेंगे, इसलिए कोर्ट को जल्द निर्णय लेना होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चहल अपनी पत्नी धनश्री को करीब 4.75 करोड़ रुपये एलिमनी के रूप में देंगे। इसके अलावा, हाईकोर्ट ने तलाक प्रक्रिया के अनिवार्य 6 महीने के कूलिंग ऑफ पीरियड को भी माफ कर दिया है, जिससे दोनों को जल्द अलग होने की मंजूरी मिल गई है।
18 महीने से अलग रह रहे थे दोनों
युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने दिसंबर 2020 में शादी की थी, लेकिन पिछले 18 महीनों से दोनों अलग रह रहे थे। सोशल मीडिया पर लंबे समय से उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें चल रही थीं। हालांकि, दोनों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई तलाक की चर्चाएं
साल 2023 में, चहल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था, “नई जिंदगी आ रही है।” इस पोस्ट के बाद धनश्री ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से ‘चहल’ सरनेम हटा दिया था। इसके बाद तलाक की अफवाहें तेज हो गई थीं। हालांकि, तब क्रिकेटर ने इन खबरों को सिर्फ अफवाह बताया था।
लॉकडाउन में हुई थी लव स्टोरी की शुरुआत
धनश्री वर्मा ने रियलिटी शो झलक दिखला जा-11 के दौरान बताया था कि उनकी और चहल की लव स्टोरी लॉकडाउन में शुरू हुई थी। चहल ने डांस सीखने के लिए धनश्री से संपर्क किया था, और इस दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। बाद में दोनों ने शादी कर ली।
अब तलाक की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कल इस पर फैमिली कोर्ट का अंतिम फैसला आएगा।







































