हांसी सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप में विवाद : अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी निर्मल बूरा को नहीं दी एंट्री , मामला फेडेरशन के पास पहुंचा
हिसार जिले में हांसी के उमरा गांव में 4 और 5 दिसंबर को आयोजित सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप में अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी और हरियाणा पुलिस इंस्पेक्टर निर्मल बूरा को भाग लेने स्व रोका गया। इस फैसले के बाद आयोजन स्थल पर थोड़ा तनाव बढ़ा और मामला सीधे स्टेट फेडेरशन के पास जा पहुंचा।
निर्मल बूरा के अनुसार , उन्हें 30 नवंबर को आयोजन समिति की तरफ से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आधिकारिक आमंत्रण आया। लेकिन जब वे अखाड़े में गई तो आयोजकों ने उन्हें ये कहते हुए खेलने से इंकार कर दिया कि उन्होंने जिला स्तर पर भाग नहीं लिया हुआ है, इसलिए वे सीधे स्टेट स्तर पर खेलने की पात्र नहीं है।
निर्मल का कहना है कि हरियाणा पुलिस की टीम हमेशा से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सीधा हिस्सा लेती आई है और इस संबंध में उन्होंने कुश्ती फेडरेशन से भी स्पष्ट अनुमति ली थी। उन्होंने अंतिम क्षणों में एंट्री रोकने को “खिलाड़ी की मेहनत और सम्मान के साथ अन्याय” बताया और कहा कि वह यह मामला फेडरेशन के साथ-साथ कोर्ट में भी रखेंगी।

हांसी में लगा प्रतियोगिता का पोस्टर।
फेडरेशन की दलील: ‘नियम सबके लिए समान’
दूसरी ओर, हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और रेसलिंग हरियाणा संगठन के महासचिव राकेश सिंह का कहना है कि फेडरेशन का नियम साफ है—राष्ट्रीय स्तर पर वही खिलाड़ी भेजे जाते हैं जिन्होंने जिला और राज्य स्तर पर अपने प्रदर्शन से योग्यता हासिल की हो।
राकेश सिंह ने कहा, “अगर एक खिलाड़ी पांच मुकाबले जीतकर ऊपर आता है और कोई दूसरा बिना जिला खेले सीधे स्टेट या नेशनल खेलना चाहे, यह अन्य खिलाड़ियों के लिए नाइंसाफी होगी। इसी वजह से निर्मल बूरा को अनुमति नहीं दी गई।”
हालांकि उन्होंने यह भी माना कि निर्मल एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पहलवान हैं और भविष्य की प्रतियोगिताओं में उनका स्वागत रहेगा।

मैच खेलते हुए खिलाडी।
निर्मल बूरा का करियर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन
निर्मल बूरा हिसार के घिराय गांव से ताल्लुक रखती हैं और वर्षों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करती आई हैं। उनके प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं—
• 2001 में राष्ट्रीय चैंपियन
• 2007 में कनाडा में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक
• 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक
• 2010 स्पेन इंटरनेशनल रेसलिंग में स्वर्ण पदक
• प्रो रेसलिंग लीग में पंजाब रॉयल्स की ओर से 48 किलो वर्ग में कई विदेशी पहलवानों को हराया ।







































