सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के मोठ गांव में शुक्रवार को एक प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव खेत में गले मिले हुए पाए गए। मौके पर एक बैग भी मिला, जिसमें कुछ दस्तावेज और जहरीली दवा की शीशी थी।
घटना का पता तब चला जब गांव के एक व्यक्ति ने शवों को देखा और शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों की पहचान जींद जिले के सफीदों के कारखाना गांव निवासी प्रवेश (25) और नगूरां गांव की रीना (21) के रूप में की। युवती जींद के एक कॉलेज से एमए कर रही थी, जबकि युवक युवती की मौसेरी बहन का देवर था।
शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों अनुसूचित जाति से थे और संभवतः परिवार की सहमति न मिलने के कारण यह कदम उठाया। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भेज दिया है।







































