
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी।
हिसार जिले के पाबड़ा गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रावास में गुरुवार देर रात एक चिंताजनक घटना सामने आई। रात करीब तीन बजे हॉस्टल के एक कमरे में घुसे सांप ने 11वीं कक्षा की एक छात्रा को डस लिया। घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि उस समय सभी छात्राएं अपने-अपने कमरों में सो रही थीं। इसी दौरान सांप किसी तरह कमरे के अंदर पहुंच गया और सो रही छात्रा को काट लिया। छात्रा के शोर मचाने पर अन्य छात्राएं और हॉस्टल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए छात्रा को प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा भेज दिया। वहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

सांप को बाद में मार दिया गया।
घटना के पश्चात स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। अभी ये पता लगाया जा रहा है कि सांप छात्रा के कमरे तक कैसे पहुंचा ? साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी जाँच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
इस घटना से छात्राओं और उनके अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि छात्रावास और उसके आसपास नियमित सफाई, झाड़ियों की समय-समय पर कटाई और जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए ठोस इंतजाम किए जाने चाहिए। उनका मानना है कि ऐसी व्यवस्थाएं भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मददगार साबित हो सकती हैं।
फिलहाल छात्रा का इलाज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में जारी है। स्कूल प्रशासन का कहना है कि छात्रा के उपचार और मामले की जांच, दोनों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



































