हरियाणा पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट के पहले दिन हादसा, हिसार के युवक का पैर टूटा
हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती के लिए फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) सोमवार से शुरू हो गया। पहले ही दिन एक अभ्यर्थी हादसे का शिकार हो गया। हिसार के खैरी गांव निवासी रजत दौड़ के दौरान घायल हो गया, जिसके बाद उसे एंबुलेंस से पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उसके पैर में फ्रैक्चर आया है।
भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन करीब तीन हजार अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए बुलाया गया था। दौड़ शुरू होने से पहले सभी उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की गई। हालांकि कई युवाओं ने व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पहले दौड़ ट्रैक पर कराने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर सड़क पर दौड़ लगवाई गई।

सड़क पर दौड़ लगते अभ्यर्थी।
दौड़ पूरी करने के बाद कई अभ्यर्थी काफी थके हुए नजर आए। फिनिश लाइन पार करते ही कुछ युवक जमीन पर बैठ गए, जबकि कई पानी मांगते दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि भर्ती प्रक्रिया में डोप टेस्ट की व्यवस्था नहीं होने के कारण उम्मीदवारों की शारीरिक स्थिति की अलग से जांच नहीं हो पाती।

दौड़ के बाद थक कर जमीन पर लेटे अभ्यर्थी।
पैरो में लगाई चिप
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने इस बार तकनीक का सहारा लिया है। अभ्यर्थियों के पैरों में RFID चिप लगाई जा रही है, जिससे उनकी दौड़ का समय और दूरी सटीक रूप से रिकॉर्ड हो सके। उम्मीदवारों का प्रदर्शन रियल टाइम में स्क्रीन पर भी दिखाया जा रहा है, जिससे वे दौड़ पूरी करने के तुरंत बाद अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
नियमों के अनुसार पुरुष उम्मीदवारों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर और महिला उम्मीदवारों को 6 मिनट में 1 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
ग्राउंड में लगे CCTV कैमरा
पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चल रही इस भर्ती प्रक्रिया की निगरानी CCTV कैमरों के जरिए की जा रही है। साथ ही विभिन्न विभागों के कोच और अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं।
उधर, भर्ती के चलते स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पुलिस ने कुछ मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए हैं और लोगों से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान यातायात प्रभावित न हो।



































