सिटी बिग न्यूज | हिसार
सिरसा-हिसार नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में पिता, 8 साल की बेटी और 10 साल के बेटे की जान चली गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा अग्रोहा टोल प्लाजा के पास हुआ, जब रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
कैसे हुआ हादसा?
सुचान कोटली निवासी बबलू अपनी मां दर्शना, बेटी चाहत और बेटे प्रिंस के साथ अपने साले के परिवार के कार्यक्रम में हिसार के गांव मंगाली आए थे। गुरुवार रात वहीं रुकने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे वह सिरसा स्थित अपने घर लौट रहे थे।
जब वे अग्रोहा टोल के पास पहुंचे, तभी अचानक रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
तीन की मौके पर मौत, मां अस्पताल में भर्ती
हादसे में बबलू, उनकी बेटी चाहत और बेटे प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां दर्शना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































