हिसार में डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, मरीज बेहाल; 128 डॉक्टर गैरहाजिर, अस्पतालों में अफरा-तफरी
हिसार में सरकारी डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होने के बाद बुधवार को हालात बिगड़ गए। सुबह से ही मरीज अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन एक्स-रे, सिजेरियन और नियमित इलाज जैसी कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। जिन मरीजों का इलाज लंबे समय से एक ही डॉक्टर कर रहा था, वे भी भारी परेशानी में हैं।
सिविल अस्पताल प्रशासन ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन 128 डॉक्टरों के एक साथ छुट्टी पर चले जाने से सिस्टम डगमगा गया है। अस्पताल ने प्रोबेशन पर कार्यरत 25 डॉक्टरों को शो-कॉज नोटिस भेजा है, फिर भी कोई वापस ड्यूटी पर नहीं लौटा। मदद के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से 20 डॉक्टर बुलाए गए हैं, मगर उन्हें हिसार के साथ-साथ सिरसा और फतेहाबाद भी कवर करना पड़ रहा है, जिससे दबाव और बढ़ गया है।
इस बीच, प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए डॉक्टरों की हड़ताल पर छह महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने आवश्यक सेवाएं बनाए रखने के लिए एस्मा (ESMA) लागू कर हड़ताल को गैरकानूनी घोषित कर दिया है। दो दिन से जारी विरोध के बावजूद सरकार डॉक्टरों की सभी मांगें मानने को तैयार नहीं हुई है।
हड़ताल के बीच दंत चिकित्सक अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। सिविल अस्पताल में डॉक्टर पंघाल मरीजों का इलाज करते दिखे ,परन्तु चिकित्सा सेवाओं में काफी कमी देखी जा रही है।

डॉक्टर पंघाल मरीज का इलाज करते हुए।
डॉक्टरों के नाराज होने की वजह क्या है?
हरियाणा सिविल सर्विसेज अस्सीसिएशन और सरकार के बीच कई देर बातचीत होने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। डॉक्टरों का कहना है की अब उनको अधिकारीयों पर विश्वास नहीं है। उनकी विशेष मांग वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (SMO ) की सीधी भर्ती को रद्द करवाना है।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने यह मांग मान ली थी, लेकिन मौजूदा सिस्टम में इसे लागू नहीं किया जा रहा। हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और स्वास्थ्य सचिव सुधीर राजपाल के साथ हुई बैठकों में भी SMO की डायरेक्ट भर्ती रोकने पर सहमति बनी, लेकिन एश्योर्ड करियर प्रमोशन (ACP) पर बात अटक गई है।
जब तक ACP पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, डॉक्टरों ने हड़ताल जारी रखने का एलान किया है। इससे आने वाले दिनों में मरीजों की हालत और खराब हो सकती है।







































