नारनौंद में अफीम तस्करी का पर्दाफाश: दो युवक गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
हिसार जिले में हांसी सीआईए की टीम ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नारनौंद-खांडा रोड पर नहर पुल के पास दो युवकों को अफीम के साथ धर दबोचा। पकड़े गए युवकों की पहचान आदित्य (वार्ड-12) और सुनील (वार्ड-4) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से करीब 445 ग्राम अफीम बरामद की गई है।

AI से created फोटो।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई
एएसआई जितेंद्र की अगुवाई में पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर अफीम बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तेजी से रेडिंग टीम बनाई और मौके पर पहुंचकर दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया के बाद बरामद हुई अफीम
पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस देते हुए एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान सुनील के हाथ में पकड़ी काली पॉलिथीन से अफीम मिली। मौके पर उसका वजन किया गया, जो पॉलिथीन समेत 445 ग्राम निकला। पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
1.20 लाख रुपये में की थी खरीद
पूछताछ में दोनों युवकों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि यह अफीम उन्होंने अपने ही क्षेत्र के युवक राहुल (वार्ड-4) से 1.20 लाख रुपये में खरीदी थी। उनका इरादा इसे स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों में बेचने का था। पुलिस अब सप्लाई चेन में जुड़े राहुल और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
नारनौंद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18C, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क को उजागर किया जाएगा।







































