मिर्जापुर में लापता युवक की संदिग्ध मौत, पानी में मिला शव; परिजनों ने उठाए हत्या के सवाल
हिसार के मिर्जापुर गांव में पांच दिन से गायब 19 वर्षीय मोनू का शव मंगलवार सुबह बरामद हुआ। ग्रामीणों ने सड़क किनारे जमा बारिश के पानी में एक युवक को पड़ा देखा तो तुरंत सरपंच और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया।
मोनू 4 दिसंबर की रात घर में खाना खाकर सोया था, लेकिन सुबह उसके बिस्तर पर सिर्फ ईयरफोन मिला। परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दो दिन बाद, 6 दिसंबर को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
फॉरेंसिक जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शव के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
मृतक का फोटो।
परिजन बोले—मोनू की हत्या कर शव फेंका गया
मृतक के भाई जयभगवान ने कहा कि चोटों को देखकर साफ लगता है कि यह स्वाभाविक मौत नहीं है। परिवार का आरोप है कि मोनू की हत्या कर शव पानी में फेंका गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, मोनू मजदूरी करता था और परिवार का सहारा था। पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां और तीन भाई हैं।
सब इंस्पेक्टर बोले—शव 2-3 दिन पुराना, हालात संदिग्ध
मौके पर जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने बताया कि शव का चेहरा पानी और मिट्टी में धंसा हुआ था, और हालत देख अंदाजा लग रहा है कि वह 2-3 दिन से वहीं पड़ा था। उन्होंने कहा कि शुरुआती हालात इस ओर इशारा करते हैं कि शव को किसी ने यहां डाल दिया हो, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
मिर्जापुर गांव में पानी से शव बाहर निकालकर जांच करती एफएसएल की टीम।
जेब में मिला मोबाइल, रात में फोन बंद मिला था
परिजनों ने बताया कि मोनू आखिरी बार रात करीब सवा 9 बजे चाय पीने के बाद घर से निकला था। वह अक्सर पास के प्लॉट में जाकर सोता था। उसका फोन रात 10 बजे से ही बंद आ रहा था। सुबह भी परिवार ने कॉल किया, लेकिन मोबाइल बंद ही मिला।
चश्मदीदों ने बताया कि मोनू की आंख के नीचे चोट थी, होंठ सूजे हुए थे और नाक से खून बह रहा था।

























मृतक का फोटो।
मिर्जापुर गांव में पानी से शव बाहर निकालकर जांच करती एफएसएल की टीम।













