सिटी बिग न्यूज | हिसार
जिला ब्राह्मण धर्मशाला, हिसार में जिला ब्राह्मण सभा के प्रधान राजकुमार भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडोली के खिलाफ रची गई साजिश पर समाज ने आक्रोश व्यक्त किया।
राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि बडोली के नेतृत्व में तीसरी बार हरियाणा में बीजेपी ने भारी बहुमत से सरकार बनाई, जिससे कुछ लोगों को यह सफलता सहन नहीं हो रही। इसी वजह से उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची गई है। उन्होंने कहा कि सत्य और धर्म पर चलने वाले व्यक्ति को परेशान किया जा सकता है, पर हराया नहीं जा सकता।
पूर्व सरपंच बीरबल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज की एकजुटता से परेशान लोग बडोली पर झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाज इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
खांडल समाज के प्रदेशाध्यक्ष पुरुषोत्तम दत्त ने बडोली को निडर और संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि उनकी सफलता और सम्मान से साजिशकर्ता परेशान हैं। समाज सरकार से मांग करता है कि इन साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ब्राह्मण सभा के संरक्षक सुरेश वत्स ने कहा कि मोहन लाल बडोली का नेतृत्व पूरे हरियाणा में सराहा जा रहा है। कुछ लोग उनकी लोकप्रियता से जलकर उनकी छवि को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समाज उनके इरादों को कभी सफल नहीं होने देगा।
एडवोकेट सत्यनारायण ने कहा कि बडोली समाज के शिक्षित और निडर नेता हैं। ब्राह्मण समाज पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और साजिशकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें बीरबल शर्मा, जगदीश शास्त्री, डॉ. रामकुमार, रविदत्त शर्मा, चंचल शर्मा, पंकज शर्मा, और सुरेश शर्मा आदि शामिल थे। प्रेस वार्ता का संचालन महासचिव राजेंद्र अग्निहोत्री ने किया।







































