हांसी में चल रहे 54वें श्री श्याम महोत्सव के तहत मंगलवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह से लगातार बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश में भीगते हुए हजारों भक्त यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग पर भक्ति का माहौल बना रहा।
यात्रा की खास बात यह रही कि 1100 से अधिक महिलाओं ने इसमें भाग लिया। एक जैसी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में हिस्सा लिया। तेज बारिश के बावजूद उनके कदम नहीं रुके और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा जिस-जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान और अन्य व्यवस्थाएं भी कीं। बारिश और भक्ति का यह अनोखा संगम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

हांसी में महिलाओ ने निकली कलश यात्रा।
भगवन जगनाथ रथ यात्रा और श्री श्याम रथ यात्रा भी निकली जाएगी।
श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि 14 जून को अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित होने के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई थी। तब से लगातार धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 18 जून को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजित होगी, जिसमें इस्कॉन के विभिन्न केंद्रों से आने वाले श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करेंगे। 19 जून को श्री श्याम रथ सवारी निकाली जाएगी, जिसमें विशेष आकर्षण के रूप में इलेक्ट्रिक आतिशबाजी का प्रदर्शन भी होगा।

कलश यात्रा के वक्त लोगो में उत्साह।
20 जून को श्री श्याम जागरण आयोजित।
महोत्सव का मुख्य आयोजन 20 जून को पीसीएसडी स्कूल परिसर में होने वाला विशाल श्री श्याम जागरण रहेगा। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आने वाले भजन गायक श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं 21 जून को “एक शाम सांवरे के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा श्रद्धालुओं को अपने भजनों से भावविभोर करेंगी।
लगातार बरसती बारिश के बावजूद कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि आस्था और विश्वास के आगे मौसम की चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं।



































