हरियाणा के चर्चित और दिल दहला देने वाले रेलूराम पूनिया हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। पूर्व विधायक रेलूराम पूनिया की बेटी सोनिया और दामाद संजीव कुमार की समय से पहले रिहाई को लेकर परिवार में तीखी आपत्ति दर्ज करवाई गई है। मामले के 24 साल बाद अब पूनिया परिवार का एक हिस्सा खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
दरअसल, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दंपती की रिहाई याचिका पर सुनवाई हुई, जिसके मंजूर होने की खबर के बाद पूर्व विधायक के भतीजे जितेंद्र पूनिया ने सीधे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
जितेंद्र का आरोप है कि सोनिया और संजीव “बेहद खतरनाक” हैं और अगर वे जेल से बाहर आए तो उनके परिवार की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
जितेंद्र ने चिट्ठी में यह भी लिखा कि दोनों इससे पहले 8 हत्याएं कर चुके हैं, और रिहाई के बाद वे “हमारा भी मर्डर कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि हिसार कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सभी ने इन्हें दोषी माना है और फांसी की सजा भी सुनाई थी।

पूर्व विधायक रेलूराम पूनिया के भतीजे जितेंद्र , सतपाल पूनिया और वकील लाल बहादुर खोवाल।
हत्याकांड का दर्दनाक इतिहास
23 अगस्त 2001 को हिसार जिले के लितानी गांव में एक ऐसी वारदात सामने आई थी जिसने पूरे प्रदेश को हिला दिया था। जमीन और संपत्ति के लालच में बेटी सोनिया और उसके पति संजीव ने मिलकर पिता रेलू राम (50), मां कृष्णा देवी (41), भाई-बहनों, बहू और मासूम पोतों—कुल 8 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी।
2004 में हिसार कोर्ट ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई, जिसे 2007 में सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा। हालांकि 2014 में राष्ट्रपति की दया याचिका पर देरी को आधार बनाकर सुप्रीम कोर्ट ने सजा को उम्रकैद में बदल दिया।
परिवार की नई चिंता—‘रिहाई हुई तो क्या होगा?’
पूर्व विधायक के परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी रिहाई की याचिका का विरोध किया था। उस समय कोर्ट में मामला मज़बूत बनता देख दंपती ने याचिका वापस ले ली थी। लेकिन अब दूसरी बार उन्होंने रिहाई की कोशिश की है, जिसे लेकर परिवार बेहद चिंतित है।
परिजनों के वकील एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल का कहना है कि हाईकोर्ट का आदेश अभी अपलोड नहीं हुआ है, लेकिन यदि रिहाई होती है तो परिवार राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और चीफ जस्टिस समेत सभी उच्च अधिकारियों के पास औपचारिक ज्ञापन देगा।

पूर्व विधायक रेलूराम और उनकी पहली पत्नी बेटे सुनील के साथ।
परिवार का स्पष्ट कहना है—
“अगर ये बाहर आए, तो हमारी सुरक्षा भगवान भरोसे रह जाएगी।”







































