हिसार में किन्नर गुटों का टकराव: बधाई को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, एक पर तेजधार हथियार से वार
हरियाणा के हिसार में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच पुराना तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया। बधाई मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक गुट ने दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर संगठित तरीके से हमला करवाया गया। मामला अब थाने तक पहुंच चुका है और पुलिस दोनों ओर से बयान दर्ज करने की तैयारी में है।
यह पूरा वाकया बुधवार को भारत नगर क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक गुट के किन्नर इलाके में बधाई मांगने पहुंचे थे। इसी बीच दूसरे गुट को इसकी भनक लग गई। आरोप है कि वह तीन गाड़ियों में भरकर मौके पर पहुंच गए। उधर पहला गुट पहले से ही सतर्क बैठा था। दोनों का आमना-सामना हुआ और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई।
हमले में बंटी महंत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके गुट का आरोप है कि उन पर धारदार हथियार से वार किया गया और पूरी घटना सुनियोजित थी। चीकू नामक किन्नर का कहना है कि उनके गुरु को मारने के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने खुलेआम कहा कि वे किसी एसपी-डीएसपी से नहीं डरते।
इस गुट ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी राजगुरु मार्केट और अग्रसेन कॉलोनी में ऐसे ही झगड़े हो चुके हैं। प्रशासन की बीचबचाव पर समझौता हुआ था, लेकिन प्रतिरोध लगातार जारी है। उनका कहना है कि सब्जी मंडी चौकी से जुड़े एक व्यक्ति ने स्थानीय बदमाश को फोन कर बुलाया था, जिसने कथित तौर पर दोनों बार हमला करवाया।

हमले में घायल बनती महाराज।

दूसरे गुट की गुरु शोभा नेहरू की कार पर हमला।
दूसरी ओर शोभा नेहरू गुट ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें झूठे बहाने से फोन कर मौके पर बुलाया गया और वहां पहले से मौजूद लड़कों ने उनकी गाड़ियों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी तीन गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया।
शोभा ने यह भी कहा कि “बंटी ने खुद चोटें लगाई हैं ताकि हम पर झूठा केस बन सके। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाए, सब साफ हो जाएगा।”
शोभा गुट का कहना है कि वे मिल गेट से आगे बधाई लेकर लौट रहे थे, तभी सामने वाले गुट की ओर से वीडियो भेजकर उन्हें बुलाया गया। जैसे ही वे पहुंचे, सड़क पर खड़े कई युवक उन पर टूट पड़े। गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और वे किसी तरह जान बचाकर मौके से निकले।
पुलिस कह रही है कि अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।
सब्जी मंडी चौकी प्रभारी बिजेंद्र के अनुसार, “बंटी महंत को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन बाद में वे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल चले गए। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। अभी किसी भी गुट की ओर से आधिकारिक शिकायत नहीं आई है।”
स्थानीय स्तर पर किन्नर समुदाय के दोनों गुटों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा है। बधाई मांगने की हिस्सेदारी को लेकर यह विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और बुधवार की घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।







































