हांसी में नहर किनारे मिली लापता महिला की लाश, रात से थीं गायब; पास में मोबाइल और शराब की बोतल बरामद
हांसी शहर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उमरा रोड की नहर पटरी पर एक महिला का शव पड़ा मिला। महिला रात से लापता थी और परिवार के लोग पुलिस के साथ उसकी तलाश कर रहे थे। राहगीरों ने जब शव देखा तो तुरंत डायल–112 पर सूचना दी, जिसके बाद शहर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मृतका की पहचान ममता (पत्नी अशोक कुमार) के रूप में की। वह मूल रूप से मथुरा की निवासी थीं और कुछ समय से प्रेम नगर, हांसी में किराए के मकान में रह रही थीं। उनके पति अशोक जींद रोड पर स्थित एक साबुन फैक्ट्री में काम करते हैं और अक्सर ड्यूटी के कारण घर से बाहर रहते हैं।

सुचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
नशे की लत और गायब होने के संकेत
परिवार के अनुसार, ममता लंबे समय से नशे की आदत से जूझ रही थीं। उनकी बेटी ने बताया कि मां अक्सर सुबह घर से निकल जातीं और देर रात तक लौटती नहीं थीं। मंगलवार को भी वह इसी तरह निकल गई थीं। बेटियों ने जब फोन किया तो ममता बार-बार अलग-अलग जगह होने की बात कहती रहीं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस स्थान पर बुधवार सुबह उनका शव मिला, रात में उन्होंने उसी लोकेशन का जिक्र फोन पर किया था। परिवार के लोग वहां तक गए भी, लेकिन अंधेरा अधिक होने और मोबाइल वाइब्रेशन मोड पर होने के कारण वे उन्हें ढूंढ नहीं पाए।
शराब की बोतल और फोन मिला, मुंह से निकला झाग
शव के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन और शराब की खुली बोतल बरामद की। मृतका के मुंह से झाग निकलने के संकेत मिले, जिससे शुरुआती अनुमान है कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ लिया हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ होगा।
फोरेंसिक टीम को नहीं मिले चोट या संघर्ष के निशान
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की जांच में मृतका के शरीर पर चोट, घसीटने या किसी प्रकार के संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे हत्या की संभावना फिलहाल कमजोर लग रही है, लेकिन सभी कोणों से जांच जारी है।
चार बच्चों की मां थीं ममता, मौत पर कई सवाल
ममता चार बच्चों की मां थीं। पुलिस ने उनका शव सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह साफ होगा कि मौत नशे, जहरीले पदार्थ, दुर्घटना या किसी अन्य वजह से हुई।

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और परिजनों से पूछताछ का सहारा लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत आत्महत्या है या किसी और वजह से।







































