सिटी बिग न्यूज | हिसार
सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने हिसार के उपायुक्त को पत्र सौंपकर हिसार से जींद को मिर्जापुर, खरकड़ी, चैनत, मसूदपुर, लोहारी राघो और राखी गढ़ी होते हुए सडक़ मार्ग से जोड़ने की मांग उठाई है। चावला ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से न केवल हिसार और जींद के लोगों को फायदा होगा, बल्कि राखी गढ़ी जैसे ऐतिहासिक स्थल तक पहुंचना भी आसान होगा।
उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 7 मई 2016 को नारनौंद रैली में इस मार्ग की घोषणा की थी और 21 जनवरी 2019 को 100 करोड़ रुपए की टैक्निकल व प्रशासनिक स्वीकृति भी दी जा चुकी है। मसूदपुर से राखी गढ़ी तक 8 किलोमीटर भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति किसान पहले ही दे चुके हैं, लेकिन फिर भी लोक निर्माण विभाग कार्य शुरू नहीं कर रहा है।
चावला ने कहा कि राखी गढ़ी में बन रहे भव्य म्यूजियम और हिसार में शुरू हुई हवाई सेवा को देखते हुए इस सडक़ मार्ग की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। इससे न केवल पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी 20 किलोमीटर कम दूरी व कम किराया देना होगा।
उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश देकर जल्द इस मार्ग पर काम शुरू करवाया जाए, जिससे लाखों लोगों को राहत मिल सके।







































