नारनौंद में सड़क हादसा: लकड़ी बटोर रही महिला को कार ने कुचला, मौके पर मौत
नारनौंद क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय महिला शीला की मौत हो गई। घटना खेड़ी चौपटा–नारनौंद रोड पर मसूदपुर माइनर के पास हुई, जहां शीला कुछ अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी इकट्ठा कर रही थी। उसी दौरान नारनौंद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक तेज गति से आया और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे शीला से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शीला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार भी बेकाबू होकर माइनर में उतर गई।
घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं—शीला और कृष्णा—ने राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत पिकअप वाहन से हांसी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक्सीडेंट के बाद नहर में गिरी कार
मायके आई थी 15 दिन पहले
मृतका के बेटे सुनील, जो सोनीपत जिले के बनवासा में रहता है, ने बताया कि उसकी मां करीब 15 दिन पहले अपने मायके खेड़ी जालब आई हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचा। सुनील ने अज्ञात कार चालक को हादसे के लिए जिम्मेदार बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद महिलाए।
पुलिस ने केस दर्ज कर चालक की तलाश शुरू की
सूचना मिलते ही खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी से एएसआई महेंद्र सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अब कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है।







































