यमुनानगर में नर्सरी से युवती का सिरविहीन शव बरामद, पुलिस ने जांच तेज की
यमुनानगर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पॉपुलर की एक नर्सरी में 25 साल की एक युवती का सिर कटा शव पड़ा मिला। नर्सरी संचालक ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में युवती का सिर तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। शव की हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।
नग्न अवस्था में मिला शव, पहचान के प्रयास जारी
मौके पर मिले प्रारंभिक संकेतों के आधार पर युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी गई है। शरीर पर केवल अंडरगारमेंट्स पाए गए। पुलिस को मौके से ऐसा कोई सामान नहीं मिला जिससे पहचान हो सके। हालांकि, दो निशानों के आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है—पेट के निचले हिस्से पर काले रंग का जन्मचिह्न और दाएं पैर में बंधा धागा।
क्राइम सीन यूनिट फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट, फाइबर और अन्य सबूत जुटाने में लगी है।

नर्सरी में लाश मिलने की सुचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँच कर जाँच करती हुई।
नर्सरी संचालक ने बताया—“धुंध के कारण सुबह किसी का आना-जाना नहीं था”
बहादुरपुर के रहने वाले नर्सरी संचालक परमजीत ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे तक धुंध बनी हुई थी, इसलिए सड़क से लोगों की आवाजाही कम थी। वे दोपहर करीब 12 बजे पौधों को पानी देने पहुंचे, जहां उन्हें शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल-112 को फोन किया।

मौके पर डायल 112 पहुंची और आसपास के थानों में युवती के बारे पता किया।
मर्डर कहीं और, शव नर्सरी में फेंके जाने की आशंका
घटना स्थल जगाधरी–पांवटा हाईवे से करीब 100 मीटर दूर है। पुलिस को अनुमान है कि हत्या किसी दूसरी जगह की गई और शव को देर रात या तड़के यहां लाकर फेंक दिया गया। पास में कलेसर नेशनल पार्क और कुछ दूरी पर यूपी की सीमा होने के कारण पुलिस दोनों ओर की जांच कर रही है।
यौन शोषण की आशंका, लेकिन पुलिस का कहना—“अभी कहना जल्दबाज़ी होगी”
कुछ ग्रामीणों ने शव के हालात देख युवती के साथ गलत काम किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आए बिना ऐसे किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं होगा।
आसपास के थानों में भेजी गई फोटो, मिसिंग रिपोर्ट चेक की जा रही
पुलिस टीम ने युवती का फोटो आसपास के थानों में भेज दिया है, ताकि पता लगाया जा सके कि हाल ही में किसी युवती की गुमशुदगी दर्ज तो नहीं हुई। साथ ही हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव किसने लाकर यहां फेंका।
बाहरी आरोपी होने की संभावना
फिलहाल पुलिस को शक है कि वारदात बाहर के लोगों की है। कारण दो हैं—
-
पास के किसी इलाके से युवती के गायब होने की खबर नहीं है।
-
पहचान मिटाने के लिए सिर काटा गया और कपड़े हटाए गए प्रतीत होते हैं।
पुलिस इस बात की जांच भी कर रही है कि हत्या शनिवार देर रात से रविवार तड़के के बीच हुई।







































