हिसार के बास–पेटवाड़ रोड पर गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में जींद के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रैक्टर–ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक ट्रैक्टर के नीचे आ फंसे। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को बाहर निकाला और हांसी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जींद के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है।

AI द्वारा जनरेटेड फोटो।
पीर की पूजा से लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, जींद जिले के सेढ़ा माजरा गांव के रहने वाले विशाल, गौरव और साहिल मुंढ़ाल गांव में पीर की पूजा करके घर लौट रहे थे। जब वे शिव ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही ट्रैक्टर–ट्रॉली ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रैक्टर ड्राइवर फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस

जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कृष्ण ने बताया कि अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इनके आधार पर फरार आरोपित ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी और यदि समय रहते लोगों ने मदद न की होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
यह सड़क क्षेत्र पहले भी कई हादसों का गवाह रह चुका है, और स्थानीय लोग लगातार इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंताएं जताते रहे हैं।






































