हांसी में पिकअप और ट्रक की टक्कर, दुल्हन की डोली वाली कार बनी हादसे की वजह
हिसार ज़िले के हांसी में शुक्रवार सुबह मुख्य मार्ग पर केसी फ़ार्म के पास एक पिकअप और ट्रक की टक्कर से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अचानक कट मारने से बिगड़ा संतुलन
भरतपुर (राजस्थान) के रहने वाले पिकअप चालक ज्ञान सिंह बिलासपुर से हिसार की ओर कुरियर का सामान लेकर जा रहे थे। उनका कहना है कि केसी फार्म के सामने उनकी गाड़ी के आगे एक ट्रक और उससे आगे दुल्हन की डोली लेकर जा रही एक कार चल रही थी।
इसी दौरान डोली वाली कार ने अचानक तेज़ कट मार दिया। ज्ञान सिंह के मुताबिक, इस अचानक मोड़ से उन्हें अपनी गाड़ी संभालने का मौका ही नहीं मिला और पिकअप बेक़ाबू हो गई। देखते ही देखते पिकअप सीधा डिवाइडर की मजबूत रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक को केवल हल्की चोटें आईं।
हादसे के बाद दोनों वाहन फरार
दुर्घटना होते ही ट्रक और डोली वाली कार के चालक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ड्राइवर की मदद की। बाद में ज्ञान सिंह ने पुलिस और इंश्योरेंस कंपनी को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।







































