दिल्ली में आज होगी यशस्विनी जिंदल की शाही शादी, संगीत में कंगना–महुआ के डांस ने जमाया रंग
हरियाणा के हिसार मूल के और फिलहाल कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल की इकलौती बेटी यशस्विनी जिंदल आज शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उद्योगपति संदीप सोमानी के बेटे शाश्वत सोमानी के साथ उनका विवाह दिल्ली के मान सिंह रोड स्थित जिंदल हाउस में शाम 6 बजे से शुरू होगा। समारोह काफी निजी रखा गया है और केवल चुनिंदा मेहमानों को ही बुलाया गया है।
संगीत में सांसदों का धमाकेदार डांस
शादी से एक रात पहले दिल्ली में संगीत समारोह हुआ, जो काफी चर्चाओं में रहा। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, और कांग्रेस सांसद सुप्रिया सुले ने डांस कर माहौल बना दिया। खुद नवीन जिंदल भी परिवार के साथ मंच पर उतरे और पूरी मस्ती में नज़र आए।
कंगना रनौत ने 3 दिसंबर को अपने इंस्टाग्राम पर संगीत रिहर्सल की कुछ झलकियां भी साझा की थीं, जिसमें महुआ मोइत्रा और सुप्रिया सुले उनके साथ दिखाई दीं। कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों के मुताबिक माहौल पूरी तरह उत्सवधर्मी और ग्लैमरस था।

संगीत समारोह में कंगना के साथ बैठी नवीन जिंदल की बेटी यशव्विनि जिंदल।
शादी में रखा गया खास प्राइवेसी प्रोटोकॉल
जिंदल ग्रुप के किसी अधिकारी या स्टाफ को शादी में न्योता नहीं दिया गया है। परिवार चाहता है कि यह आयोजन केवल रिश्तेदारों, करीबी दोस्तों, चुनिंदा उद्योगपतियों और कुछ राजनीतिक हस्तियों तक सीमित रहे। तैयारियों को लेकर सुरक्षा और गोपनीयता के खास इंतजाम किए गए हैं।
बिजनेस और डांस—दोनों में सक्रिय हैं यशस्विनी
यशस्विनी अपने पिता नवीन जिंदल के साथ मिलकर बिजनेस संभालती हैं। उन्हें बचपन से ही डांस का भी शौक है। 8 साल की उम्र में अपनी मां शालू जिंदल से प्रेरित होकर उन्होंने कुचिपुड़ी सीखना शुरू किया था। इस नृत्य शैली की उन्होंने गुरु राजा राधा रेड्डी और कौशल्या रेड्डी से प्रशिक्षण लिया।

पिता और परिवार के साथ फोटो खिंचवाती यशव्विनि जिंदल।
दूल्हे के परिवार का बड़ा कारोबारी साम्राज्य
दूल्हे शाश्वत सोमानी मशहूर उद्योगपति संदीप सोमानी के बेटे हैं। संदीप सोमानी सेनेटरीवेयर, ग्लास, केमिकल और कंस्ट्रक्शन सेक्टर के बड़े नाम हैं। वे Somany Impresa Ltd. और AGI Greenpac Ltd. के एमडी–चेयरमैन हैं।
शाश्वत ने विदेश से बिजनेस मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट स्ट्रैटजी की पढ़ाई की है। फिलहाल वे सोमानी ग्रुप में रणनीति प्रमुख की भूमिका निभा रहे हैं और उन्हें ग्रुप की नई पीढ़ी का लीडर माना जा रहा है।







































