दिल्ली में हुए बम धमाकों के बाद हिसार में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। रात से ही शहर में हाई अलर्ट की स्थिति है। दिल्ली की ओर जाने और वहां से आने वाली ट्रेनों, बसों और निजी वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हिसार-दिल्ली हाईवे पर लगातार चेकिंग अभियान जारी है।


पुलिस ने जिले में सभी छुट्टियां रद्द कर दी हैं और पूरे बल को मैदान में उतार दिया गया है। होटल, लॉज, धर्मशालाओं और किराए के मकानों में भी पुलिस टीमें दस्तक देकर रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। स्टेशन परिसर में डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, डस्टबिन, पार्किंग और लगेज एरिया की बारीकी से तलाशी ली गई। दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सख्त चेकिंग की जा रही है।
रात की चेकिंग के दो दृश्य

पड़ाव चौकी इंचार्ज एसआई विक्रम सिंह देर रात करीब 11 बजे GJU के सामने वाहनों की जांच करते दिखे।

परिजात चौक पर पुलिस टीमों ने गाड़ियों की तलाशी लेकर ड्राइवरों और यात्रियों से पूछताछ की।
स्टेशन पर भी चेकिंग की गई
हिसार रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ टीमें लगातार तैनात रहीं। आने-जाने वाले वाहनों को रोककर चेक किया गया, ताकि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि शहर में प्रवेश न कर सके। अचानक बढ़ी सुरक्षा से यात्रियों में भी यह संदेश गया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है।
रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या सामान नजर आता है, तो तुरंत पुलिस या स्टेशन प्रबंधन को सूचना दें। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि सभी एजेंसियां मिलकर निगरानी कर रही हैं ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।







































