सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव बधावड़ के पास ढाणी रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में आर्मी से रिटायर्ड धर्मवीर (48) की कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण धर्मवीर की कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खेतों में जा पलटी।
हादसे में धर्मवीर गम्भीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। धर्मवीर ने किसी तरह पलटी हुई कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घायल अवस्था में धर्मवीर को उनके भतीजे सुरेश ने बरवाला सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति के चलते हिसार के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल जांच में उनके शरीर में कुंद चोट की पुष्टि हुई।
पुलिस को दिए बयान में धर्मवीर ने बताया कि 6 मई की सुबह वह गांव बधावड़ से हिसार जा रहे थे, तभी पिकअप ड्राइवर संदीप (निवासी बधावड़) ने तेज रफ्तार में आकर उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद संदीप ने उन्हें केस दर्ज न करवाने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
बरवाला पुलिस ने धर्मवीर की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी संदीप के खिलाफ BNS की धारा 281, 125(a), 324(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































