ऑपरेशन सिंदूर के बाद हरियाणा सरकार ने पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट पर रख दिया है। पंचायती विभाग ने आदेश जारी कर सभी गांवों में सार्वजनिक स्थलों पर सायरन लगाने को कहा है। यह कार्य 48 घंटे के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा।
वहीं, सरकार ने हेल्थ, पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और अवकाश न लेने के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा सभी सीएमओ को पत्र भेजा गया है कि किसी को इमरजेंसी अवकाश भी महानिदेशक की मंजूरी के बिना नहीं मिलेगा।
सरकारी और निजी अस्पतालों को इमरजेंसी स्थिति को देखते हुए अपने 25% बेड रिजर्व रखने को कहा गया है।
हिसार एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अब विजिटर्स और पैसेंजर्स की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है। यह कदम गाइडलाइंस के अनुसार उठाया गया है।
गौरतलब है कि तीन महीने पहले सिरसा एयरफोर्स के पायलटों ने हिसार एयरपोर्ट पर 3 दिन तक सुखोई विमानों से रिहर्सल की थी। इस दौरान रनवे की क्षमता का परीक्षण किया गया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी गई। यह रनवे आपातकालीन स्थिति में उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि यह दिल्ली, पंजाब, अंबाला और सिरसा से नजदीक है।




































