सिटी बिग न्यूज | हिसार
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत हरियाणा के 11 जिलों में आज (7 मई) को संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। हिसार में इस मॉक ड्रिल के तहत शाम 7:50 बजे से 8:00 बजे तक 10 मिनट का ब्लैक आउट किया जाएगा। इस दौरान शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर साइरन बजाए जाएंगे।
हिसार जिला मुख्यालय और उपमंडल कार्यालयों में यह मॉक ड्रिल पहले ही शुरू की जा चुकी है। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सरकारी मशीनरी की तैयारियों और क्षमताओं का परीक्षण करना है।
हिसार के उपायुक्त अनीश यादव ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभ्यास के दौरान पैनिक ना हों और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों की लाइटें बंद रखें ताकि प्रशासन की यह प्रक्रिया सफल हो सके।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि ब्लैक आउट के दौरान तेज रोशनी वाली वस्तुओं को बंद रखा जाए, हालांकि पंखा, एसी और कूलर जैसे उपकरण चलाए जा सकते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को साइड पार्क करें और ट्रैफिक जाम की स्थिति ना बनने दें।







































