सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गैबीपुर गांव में एक महिला के साथ घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सपना ने पुलिस को बताया कि उसका पति सुरेंद्र शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सपना का आरोप है कि सुरेंद्र ने उसकी गर्दन दबाई, चेहरे पर मुक्के मारे और पेट-घुटनों पर लात घूंसे बरसाए।
इतना ही नहीं, सुरेंद्र ने सपना को सन्दूक में बंद करने की कोशिश की और चाकू से जान लेने की धमकी दी। गनीमत रही कि सपना की जेठानी सुनीता और पड़ोसियों ने समय रहते गेट खोलकर उसे बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
घटना के बाद सपना के भाइयों ने उसे बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे हिसार के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया।
बरवाला पुलिस ने सपना के बयान के आधार पर आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 127(2) (गंभीर चोट), और 351(3) (आपराधिक बल प्रयोग) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































