सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार स्थित स्काडा जलघर में सोमवार रात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अंकित द्वारा की गई शराब पार्टी भारी पड़ गई। उसने पार्टी के दौरान पानी की सप्लाई खुली छोड़ दी और सो गया, जिससे लाखों लीटर पानी बेकार बह गया। यह पानी कई किलोमीटर दूर मेला ग्राउंड और एयरपोर्ट के पास तक पहुंच गया।
यह मामला तब सामने आया जब सुबह सैर पर निकले लोगों ने सड़कों पर बहता पानी देखा और जलघर पहुंचकर वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया और पब्लिक हेल्थ विभाग ने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए कर्मचारी को ड्यूटी से हटा दिया।
यह जलघर शहर की 75% पानी की जरूरत को पूरा करता है और करीब 1 लाख से ज्यादा घरों में पानी की सप्लाई करता है। यहां से वार्ड 6, 7, 8, 9, मिल गेट, मिर्जापुर रोड, सुंदर नगर और इंडस्ट्रियल एरिया में जल आपूर्ति होती है। जलघर की क्षमता लगभग 255 मिलियन लीटर है और इसका निर्माण दिल्ली बाइपास के पास 49.50 एकड़ क्षेत्र में किया गया है।
पानी की बर्बादी और लापरवाही को लेकर पब्लिक हेल्थ विभाग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीसी अनीश कुमार यादव ने इस घटना को गंभीर मानते हुए एजेंसी पर मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।




































