सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा के जल संकट के स्थायी समाधान के लिए यमुना-घग्गर लिंक नहर को प्राथमिकता देने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल को पत्र लिखते हुए कहा कि इस परियोजना को ‘नदी जोड़ो योजना’ के तहत तत्काल प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) मिलकर हरियाणा के हितों पर कुठाराघात कर रहे हैं और जल संकट पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं, जबकि आमजन बूंद-बूंद पानी को तरस रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जल आपूर्ति में पैदा की गई बाधाओं के चलते हरियाणा में जल असमानता, सिंचाई संकट और भूजल स्तर में गिरावट जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। उन्होंने चेताया कि भाखड़ा डैम से जल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यमुना-घग्गर लिंक नहर हरियाणा की जल सुरक्षा के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।
सैलजा ने कहा कि अंबाला से लेकर सिरसा तक के जिले—जैसे अंबाला, कैथल, जींद, फतेहाबाद, सिरसा—इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने ऐतिहासिक और भूवैज्ञानिक प्रमाणों का हवाला देते हुए कहा कि प्राचीन सरस्वती नदी के रूप में मानी जाने वाली घग्गर और यमुना के बीच जल-संबंध रहा है, जिस पर आधारित लिंक नहर न केवल कृषि को स्थायी जल स्रोत, बल्कि बाढ़ नियंत्रण और ग्रामीण जीवन सुधार में भी सहायक होगी।
सांसद ने केंद्र सरकार से शीघ्र सर्वेक्षण व योजना निर्माण की मांग की है ताकि हरियाणा के सूखा प्रभावित क्षेत्रों को दीर्घकालिक राहत मिल सके।







































