सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार नगर निगम कार्यालय में सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग जॉइंट कमिश्नर प्रीतपाल सिंह के फर्स्ट फ्लोर स्थित दफ्तर के अटैच बैठक कक्ष में लगी। उस समय प्रीतपाल सिंह दफ्तर में ही मौजूद थे, लेकिन धुआं देखकर समय रहते बाहर निकल आए।
आग बुझाने के लिए कर्मचारियों ने प्रयास किए, लेकिन असफल रहे। जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह ऑफिस में लगे एसी के कंप्रेशर का फटना बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए। तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जो कुछ ही देर में दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचा।
दमकल कर्मियों ने ऑफिस की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर पहुंच कर आग पर काबू पाया। हालांकि, दफ्तर में रखी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज कितने सुरक्षित हैं, इसकी जांच जारी है। आग इतनी भीषण थी कि कमरे में रखा फर्नीचर, पंखा और दीवारें तक जलकर राख हो गईं।
गौरतलब है कि नगर निगम में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। नौ साल पहले भी बिल्डिंग ब्रांच के रिकॉर्ड रूम में भीषण आग लगी थी, जिसमें 1952 तक के कई जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए थे।







































