सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के चर्चित IAS अधिकारी अशोक कुमार गर्ग की घर वापसी हो गई है। गुरुग्राम से उनका तबादला फिर से हिसार कर दिया गया है। अशोक गर्ग का निवास स्थान हिसार के अर्बन एस्टेट में है और वे 2009 बैच के IAS अधिकारी हैं।
पूर्व में गर्ग गुरुग्राम और मानेसर में नगर निगम कमिश्नर के पद पर रह चुके हैं। तीन साल पहले भी वे हिसार में नगर निगम कमिश्नर रह चुके हैं और उनकी कार्यशैली को आज भी लोग सराहते हैं। विशेषकर सफाई कर्मचारियों के हित में उन्होंने कई प्रयास किए, जैसे बच्चों के लिए लाइब्रेरी खुलवाना और सफाई कर्मियों के साथ भोजन करना।
हालांकि, जब वे ईद के मौके पर मुस्लिम समाज के साथ दिखे, तब हिंदूवादी संगठनों ने सोशल मीडिया पर उनका विरोध किया। इसी के कुछ दिन बाद उनका तबादला कर दिया गया। दो साल पहले जब उन्हें फिर से हिसार पोस्ट किया गया, तो ज्वॉइनिंग के डेढ़ घंटे बाद ही उन्हें गुरुग्राम भेज दिया गया। बताया जाता है कि उस समय के विधायक डॉ. कमल गुप्ता और पूर्व मेयर गौतम सरदाना की भूमिका उनके तबादले में रही थी।
अशोक गर्ग न सिर्फ प्रशासनिक कार्यों में, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी काफी सक्रिय रहते हैं। उन्हें अकसर ऐसे लोगों के साथ देखा गया है जो सरकार और स्थानीय नेताओं के विरोध में रहे हैं। शायद यही कारण रहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते वे पहले हिसार नहीं लौट पाए। अब एक बार फिर वे हिसार में सेवा देने को तैयार हैं।




































