सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में पानी की भारी कमी के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शहर को 75% पानी सप्लाई करने वाले स्काडा जलघर में सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारियों ने शराब पार्टी की। नशे में धुत कर्मचारी पानी चालू कर भूल गए, जिससे जलघर में पानी ओवरफ्लो हो गया। परिणामस्वरूप लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया और कई किलोमीटर दूर मेला ग्राउंड और एयरपोर्ट के नजदीक तक पहुंच गया।
मंगलवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो सड़कों पर भरा पानी देखकर हैरान रह गए। जलघर के अंदर जाकर देखा तो वहां शराब और बीयर की खाली बोतलें, खाने-पीने का सामान टेबल पर फैला हुआ था, लेकिन कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। नागरिकों ने तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
साल 2016 में 80 करोड़ की लागत से बना स्काडा जलघर 255 मिलियन लीटर पानी स्टोर करने की क्षमता रखता है और करीब एक लाख घरों को पानी सप्लाई करता है। यह दिल्ली बायपास के पास 49.50 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इसमें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी है।
बावजूद इसके, हिसार में अभी भी जल संकट जारी है। HSVP और पब्लिक हेल्थ विभाग मिलकर रोजाना 370 से ज्यादा टैंकरों से करीब 22 लाख लीटर पानी सप्लाई कर रहे हैं। HSVP 170-180 टैंकर, जबकि पब्लिक हेल्थ विभाग 50 टैंकर भेज रहा है। इसके अलावा लोग निजी टैंकर भी मंगवा रहे हैं, जिनका शुल्क 1000 रुपए से ऊपर लिया जा रहा है।
हाल ही में डीसी अनीश यादव ने अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि अगर नागरिकों को पानी आपूर्ति में कठिनाई हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके इस लापरवाही से विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।







































