सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग महिला से नशीला पदार्थ पिलाकर उसके गहने चोरी कर लिए गए। पीड़िता, गांव पाबड़ा निवासी 65 वर्षीय राजो, 3 मई की सुबह दवाई लेने बरवाला आई थी। दवाई लेकर जब वह नए बस स्टैंड पर पहुंची, तो वहां से 15 दर्जन केले खरीदने के बाद एक कीकर के पेड़ के नीचे बैठ गई।
इसी दौरान एक अज्ञात महिला (उम्र लगभग 50 वर्ष) और एक 15 साल की लड़की उसके पास आईं। उन्होंने खुद को गांव खेदड़ निवासी बताकर बातों में उलझाया और पानी पिलाया। पानी पीने के बाद राजो को होश नहीं रहा। इसी बीच उसके गले से आधा तोला सोने का लॉकेट और कानों से आधा तोला सोने की बालियां चुरा ली गईं।
राजो किसी तरह अपने गांव पहुंची, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार वालों ने गांव के डॉक्टर को बुलाकर इलाज करवाया। होश आने पर राजो ने पूरी घटना की जानकारी दी और 4 मई को अपने बेटे संजय के साथ बरवाला थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने अज्ञात महिला और लड़की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 और 123 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और चोरी गए गहनों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।







































