सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
सिरसा नगर में बार-बार हो रही सड़क धंसने की घटनाओं को लेकर सिरसा की सांसद, कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मांग की है कि इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सैलजा ने पत्र में कहा कि सिरसा नगर, विशेषकर रानियां रोड क्षेत्र में, कई बार 20-30 फुट तक सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में फिर से एक बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे लोगों की जान को खतरा और यातायात में भारी परेशानी हो रही है। प्रशासन द्वारा रास्ता बंद कर दिया गया है, लेकिन नागरिक असुरक्षा और असुविधा में जी रहे हैं।
सांसद सैलजा का आरोप है कि यह स्थिति निर्माण कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम है। अमृत योजना के अंतर्गत की जा रही पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया में भी मानकों की अनदेखी हो रही है। मजदूत बैडिंग (बेस लेयर) नहीं डाली जा रही है, जिससे भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले भी पाइपलाइन डालने में गड़बड़ी सामने आ चुकी है, जहां मानकों के विपरीत कार्य किया गया था। सैलजा ने कहा कि निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
एक साल पहले भी धंसी थी सीवर लाइन
8 मार्च 2024 को रानियां बाईपास पर सुबह 6 बजे एक भारी ट्राले के गुजरने के कारण सड़क धंस गई थी। जांच में सामने आया कि 20 फुट गहरी मुख्य सीवर लाइन लीक हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल सड़क को बंद किया। लाइन को ठीक करने में प्रशासन को 20 दिन का समय लग गया था। यदि किसी इंडस्ट्री द्वारा बिना ट्रीटमेंट का पानी सीवरेज लाइन में डाला जा रहा है, तो पर्यावरण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा उस पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।







































