सिटी बिग न्यूज | हिसार
एक बार फिर से जीवीएस इंटरनेशनल स्कूल दुबेटा के विद्यार्थियों ने एक जैसे फॉन्ट में कैलीग्राफी स्टाइल में लिखकर नया कीर्तिमान रचा है। परमवीर चक्र विजेता कर्नल होशियार सिंह दहिया की जयंती के उपलक्ष में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इसराना में आयोजित कैलीग्राफी स्टाइल में राइटिंग कंपटीशन में स्कूल के बच्चों ने यह उपलब्धि हासिल की।
इस प्रतियोगिता में जीवीएस इंटरनेशनल स्कूल दुबेटा हिसार के पांच विद्यार्थियों ने भूगोल के प्राध्यापक संजय ढांडा के मार्ग दर्शन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतियोगिता में ज्योति, प्रगति व मुस्कान ने क्रमश: पहला, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं अंकिता व प्रिंस ने चौथा व पांचवां स्थान हासिल किया।
जीवीएस स्कूल के निदेशक सोनू पंघाल व प्राचार्य प्रदीप सूरा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चाहे टेक्नोलॉजी कितनी भी आगे क्यों न हो जाए लेकिन हाथ से लिखने का दौर हमेशा रहेगा और यह प्रभावी ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में स्कूल के सैकड़ों बच्चे एक जैसे फॉन्ट में लिखकर नया कीर्तिमान रचते रहे हैं और भविष्य में भी इसे बरकरार रखेंगे। हर बच्चे में कोई ना कोई प्रतिभा जरूर छिपी होती है, जरूरत है बस उसे अवसर प्रदान करने और उसे निखारने की होती है।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर के अलग-अलग विद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने सूबेदार ओम प्रकाश सिवाच के निर्देशन में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कैप्टन जगबीर मलिक ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया और जीवन में कभी नशा न करने की शपथ दिलाकर उन्हें प्रेरित भी किया। स्कूल पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थी व सभी टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ मौजूद रहा।







































