सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा-पंजाब जल विवाद को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने आज हिसार समेत पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया। हिसार में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान और जिलाध्यक्ष सतपाल काजला के नेतृत्व में लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला गया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सचिवालय के बाहर खाली मटके फोड़े और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसएचओ कविता की अगुवाई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। भीड़ को देखते हुए सचिवालय के गेट बंद कर दिए गए।
उमेद लोहान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए कहा, “जिस हरियाणा ने मान का घर बसवाया, उसी का पानी आज रोका जा रहा है। मैं उनकी पत्नी से अपील करूंगा कि ऐसे इंसान का घर में रोटी-पानी बंद कर दें।”
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि हरियाणा में 37 सीटें जीतने वाली पार्टी अब ड्राइंग रूम से राजनीति कर रही है। लोहान बोले, “जब प्रदेश को आवाज चाहिए थी, विपक्ष नदारद था। इनेलो अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में जनता की लड़ाई लड़ रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पानी की समस्या पर बात होनी चाहिए, न कि संविधान की दुहाई दी जाए। “अगर संविधान को कभी खतरा था, तो वो कांग्रेस के दौर में था जब आपातकाल लगाया गया था,” लोहान ने कहा।
पानी के मुद्दे पर लोहान ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों राष्ट्रीय पार्टियां बयानबाजी में उलझी हैं और असल मुद्दे से भटक रही हैं।




































