सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा में जारी जल संकट का असर अब हिसार में भी देखने को मिल रहा है। पंजाब द्वारा हरियाणा का पानी रोके जाने से स्थिति बिगड़ती जा रही है। हिसार में पेयजल और सिंचाई की ज़रूरतें भाखड़ा नहर से पूरी होती हैं, लेकिन फिलहाल शहर केवल पीने के पानी की भारी किल्लत से जूझ रहा है।
पानी की कमी से निपटने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने टैंकरों से पानी सप्लाई करने की योजना शुरू कर दी है। HSVP को शहर के 8 सेक्टरों में कुल 3350 टैंकरों की सप्लाई की अनुमति मिल गई है। इस योजना के तहत प्रत्येक सेक्टर में 420 टैंकर भेजे जाएंगे।
HSVP की ओर से जरूरत पड़ने पर ये सभी टैंकर सप्लाई किए जा सकेंगे। तोशाम रोड, सेक्टर 1-4 और सेक्टर 14 जलघर से HSVP पानी सप्लाई करता है। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग भी शहर में पांच जलघरों के माध्यम से सप्लाई कर रहा है और वर्तमान में 50 से ज्यादा टैंकर शहर में भेजे जा रहे हैं।
ये टैंकर कैमरी रोड, महावीर कॉलोनी जैसी जगहों से पानी भरकर ला रहे हैं। एक टैंकर से औसतन तीन से चार घरों को पानी दिया जा रहा है।







































