सिटी बिग न्यूज | हिसार
राजस्थान की 25 वर्षीय लेडी डॉक्टर भावना यादव मर्डर केस में हरियाणा पुलिस ने गुरुवार देर शाम आरोपी उदेश यादव को हिसार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि उदेश ने ही डॉक्टर भावना पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। आरोपी पर हत्या का केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि उदेश और भावना का 2018 से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। भावना फिलीपींस से डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी कर लौटने के बाद बार-बार उदेश से मिलने हिसार आती थी। उदेश हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में क्लर्क है। आरोप है कि 23 अप्रैल को भावना दिल्ली से हिसार आई और HAU स्थित उदेश के क्वार्टर में गई। वहां भावना ने उदेश पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बनाया।
अगली सुबह यानी 24 अप्रैल को दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर उदेश ने भावना पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। झुलसी हालत में उसे अस्पताल भी लेकर गया, पर फिर फोन बंद कर फरार हो गया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भावना की उसी रात मौत हो गई।
उदेश की चार साल पहले शादी हो चुकी थी और उसका तीन साल का बेटा भी है। शुरू में परिवार ने दावा किया कि भावना ने खुद को आग लगाई, लेकिन पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई थीं। परिजनों पर दबाव बढ़ने के बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई।







































