सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में गुरुवार को तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस और एक पिकअप गाड़ी की टक्कर हो गई, जिसमें 75 वर्षीय बुजुर्ग रामधारी निवासी भैणी जाटान की मौत हो गई। वहीं हादसे में पिकअप चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हिसार अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से लौट रहे थे और दीवान होटल के पास यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद पिकअप गाड़ी सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी।
हांसी रोडवेज ड्यूटी इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब पिकअप का टायर फटा और रोडवेज ड्राइवर महेंद्र सिंह ने बस को साइड में करने की कोशिश की। बारिश तेज थी, जिससे दृश्यता भी काफी कम हो गई थी।
बस में लगभग 30 सवारियां मौजूद थीं। सभी सुरक्षित हैं और उन्हें अन्य बस से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है। हांसी सामान्य अस्पताल में घायल पिकअप चालक का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।







































