सिटी बिग न्यूज | हिसार/जयपुर
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ की रहने वाली 25 वर्षीय लेडी डॉक्टर भावना यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। मामले में आरोपी उदेश यादव को हिसार से गिरफ्तार कर लिया गया है। आज उसे सिविल लाइन थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. भावना और उदेश यादव के बीच 2018 से प्रेम-प्रसंग था। उदेश हिसार स्थित हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में क्लर्क के पद पर कार्यरत है और विवाहित है। भावना फिलीपींस से डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत लौटी थी।
23 अप्रैल को भावना दिल्ली से हिसार पहुंची और सीधे उदेश के क्वार्टर पर गई। पुलिस के अनुसार, भावना ने उदेश पर पत्नी से तलाक लेने का दबाव डाला। 24 अप्रैल की सुबह दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद उदेश ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी भावना को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 24 अप्रैल की रात को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी बीकानेर में अपनी बहन के घर चला गया था। पुलिस की छह टीमों की मेहनत और परिजनों पर दबाव के बाद उदेश को गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान पुलिस उसका मोबाइल फोन, लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड खंगालेगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल विश्वविद्यालय बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी सनसनी फैला दी है। उदेश के साथी और जानने वाले इस आरोप पर हैरान हैं। जबकि आरोपी के परिजन दावा कर रहे हैं कि भावना ने खुद को आग लगाई थी।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—अगर उदेश ने आग लगाई थी तो उसने उसे अस्पताल क्यों पहुंचाया?







































