सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के हांसी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जीता खेड़ी स्टेशन और औरंगानगर के बीच रेलवे ट्रैक पर हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पिपरा गांव निवासी 27 वर्षीय महेंद्र के रूप में हुई है, जो हांसी में लक्ष्मी ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था।
परिजनों के अनुसार, महेंद्र वीरवार रात खाना खाने के बाद किसी जरूरी काम के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि महेंद्र की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली है। चचेरे भाई सर्वेश ने बताया कि महेंद्र अविवाहित था और ईंट लोडिंग का काम करता था।
हांसी जीआरपी चौकी की महिला हेड कांस्टेबल मोनिया ने बताया कि सुबह 6:30 बजे की मैन से सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक की लाश पड़ी है। जांच में सामने आया कि युवक की मौत किसी नामालूम ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव को हांसी के सामान्य अस्पताल भिजवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।







































