सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक को लेकर प्रदेश सरकार ने एक हाई लेवल जांच कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की अध्यक्षता रिटायर्ड जस्टिस एचएस भल्ला करेंगे। साथ ही अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार और ADGP (कानून व्यवस्था) संजय कुमार भी इसके सदस्य बनाए गए हैं।
यह कमेटी 31 मार्च को हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में हुई चूक की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान करेगी। इस घटना में बड़े पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना है। इससे पहले हरियाणा पुलिस ने एक DSP और एक इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। आरोप है कि दोनों अधिकारी तय ड्यूटी स्थल से नदारद थे और किसी अन्य स्थान पर घूम रहे थे।
गौरतलब है कि अमित शाह हिसार दौरे पर महाराजा अग्रसेन की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उसी दौरान सुरक्षा में लापरवाही का मामला सामने आया। गृह मंत्रालय ने 15 अप्रैल को राज्य के मुख्य सचिव और DGP को पत्र लिखकर इस मामले में जांच के निर्देश दिए थे और भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए ठोस योजना बनाने को कहा था।
सूत्रों के अनुसार, पहले राज्य पुलिस ने इस मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन गृह मंत्रालय से आपत्ति दर्ज होने के बाद सरकार को कार्रवाई करनी पड़ी।







































