सिटी बिग न्यूज | हिसार
पंजाब द्वारा हरियाणा को पानी की आपूर्ति रोकने से राज्य में जल संकट गहरा गया है। हिसार जिले की बात करें तो यहां भाखड़ा से आने वाली बरवाला ब्रांच, बालसमंद सब ब्रांच और बालसमंद डिस्ट्रीब्यूटरी के जरिए पेयजल और सिंचाई की आपूर्ति होती है। वर्तमान में इन नहरों में मात्र 22% पानी चल रहा है। तीनों नहरों की कुल क्षमता 3,000 क्यूसेक है, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 670 क्यूसेक पानी ही मिल रहा है।
इस जल संकट के चलते हर दूसरे दिन ही जल आपूर्ति की जा रही है। 3 मई से लेकर 20 मई तक नहरों की मरम्मत के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, जिससे संकट और गहराने की आशंका है। हालांकि प्रशासन की कोई ठोस तैयारी फिलहाल जमीन पर नजर नहीं आ रही है।
टैंकरों से पानी भरवाने की कोशिश भी फेल साबित हो रही है। टैंकर मालिक मनमाने पैसे वसूल रहे हैं और समय पर जल आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। महिलाओं को कई किलोमीटर दूर से मटकों और बर्तनों में पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। कैमरी रोड स्थित श्रीराम कॉलोनी में कई महिलाएं दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोने को मजबूर हैं।
एचएसवीपी के एक्सईएन भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 3 मई तक पानी की सप्लाई जारी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद से 20 मई तक नहरें बंद रहेंगी। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सिंचाई विभाग की ओर से अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है कि पानी की आपूर्ति कब बहाल होगी।




































