सिटी बिग न्यूज | हिसार
उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला की एक 23 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। युवती 28 अप्रैल 2025 की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, युवती के भाई अभिषेक ने बताया कि वह अपनी मां के साथ दवा लेने उकलाना मंडी गया था, उस समय उसकी बहन घर पर अकेली थी। जब वे वापस लौटे तो वह घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली।
लापता युवती की पहचान इस प्रकार बताई गई है — रंग भूरा, काले बाल, आसमानी रंग का सूट-सलवार, काली जूती, कद 5 फुट 2 इंच, उम्र 23 वर्ष और शिक्षा 12वीं तक। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।







































