सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव संदलाना निवासी 20 वर्षीय पंकज पुत्र सुभाष की रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार भेजा गया है।
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, पंकज रविवार रात अपनी मोटरसाइकिल से मतलौडा से सरहेड़ा रोड पर स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 8:45 बजे एक अज्ञात प्राइवेट बस ने तेज रफ्तार व लापरवाही से उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पंकज सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पंकज को एम्बुलेंस से बरवाला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंकज के चाचा अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि पंकज अविवाहित था और सब्जी बेचने का कार्य करता था। वह अपने पिता को लेने मतलौडा गया था और पेट्रोल डलवाने के लिए निकला था। अशोक ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बरवाला थाना पुलिस ने अशोक कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी बस चालक की पहचान के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम नागरिक अस्पताल हिसार में करवाया जाएगा।




































