सिटी बिग न्यूज | हिसार
राजस्थान की 25 वर्षीय लेडी डॉक्टर भावना यादव की हत्या के मामले में हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में क्लर्क के पद पर कार्यरत उदेश यादव को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उदेश 2019 से विश्वविद्यालय में कार्यरत है और हिसार में अकेला रह रहा था।
24 अप्रैल को भावना को गंभीर हालत में हिसार के सोनी बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद से उदेश फरार है। वह न तो अपने पैतृक गांव लिलोध (रेवाड़ी) गया और न ही उसका मोबाइल नंबर चालू है। उदेश की शादी महेंद्रगढ़ के बींदपुर गांव में चार साल पहले हुई थी और उसका एक तीन साल का बेटा भी है।
भावना के चाचा मुकेश यादव ने बताया कि उदेश, भावना की ताऊ की बेटी चंचल का देवर है और उनका परिवार में आना-जाना था। शक जताया जा रहा है कि उदेश ने ही भावना को दिल्ली से हिसार लाकर वारदात को अंजाम दिया। जयपुर के एसएमएस थाना में दर्ज एफआईआर में भी उदेश को ही मुख्य संदिग्ध बताया गया है।
भावना की मां गायत्री ने आरोप लगाया कि उदेश अपने रिश्तेदारों से छिपता फिर रहा है और उसका भाई प्रेम यादव, जो दिल्ली पुलिस में है, उसे बचाने में मदद कर रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, भावना के माथे से घुटनों तक गंभीर जलने के निशान थे और उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव भी पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि उसे पहले घायल किया गया और फिर पहचान मिटाने के लिए जला दिया गया। भावना का लैपटॉप, मोबाइल, पर्स और अन्य सामान भी गायब है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जबकि भावना की मां ने संकल्प लिया है कि वह अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए अंत तक लड़ेंगी।







































