सिटी बिग न्यूज | हिसार
पहलगाम में आतंकवादी हमले के विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हिसार जिले में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान उकलाना विधायक नरेश सेलवाल, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस के सीनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि पहलगाम हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आतंकियों द्वारा निहत्थे नागरिकों की हत्या को कायरता की संज्ञा दी और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश एकजुट है। गर्ग ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी कमजोरी छुपाने के लिए पाकिस्तान बार-बार भारत में आतंकी हमले करवा रहा है।
उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस राज में भारतीय सेना ने 13 दिन में पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था और बांग्लादेश का निर्माण हुआ था। गर्ग ने तीखे शब्दों में कहा, “लातों के भूत बातों से नहीं मानते।”
वहीं, विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश का हर नागरिक आतंकवाद के खिलाफ सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।




































