सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार नगर निगम क्षेत्र में दिल्ली रोड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। आज से सिरसा चुंगी से लेकर जिंदल पुल तक ‘अतिक्रमण हटाओ जागरूकता अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बस स्टैंड, नागौरी गेट, परिजात चौक, फव्वारा चौक, कैंप चौक, डाबड़ा चौक, जिंदल चौक होते हुए जिंदल पुल तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।
इस हाई ट्रैफिक रोड पर अभियान चलाकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने का लक्ष्य है। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम के साथ ट्रैफिक पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
हिसार के मेयर प्रवीण पोपली इस अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने इस अभियान को लेकर एक दिन पहले नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार की थी।
मेयर ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार मुनादी कर लोगों को अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण किया है, उन्हें पहले समझाया जाएगा, फिर भी अगर सुधार नहीं हुआ तो सीधी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में PWD, HSVP, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और जनस्वास्थ्य विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।




































