सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
हरियाणा में आग से नष्ट हुई गेहूं की फसलों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि फसल जलने के बावजूद किसानों को मुआवजा न देना भाजपा सरकार की किसान विरोधी सोच को उजागर करता है।
प्रदेश के 15 जिलों में अब तक 5000 एकड़ से ज्यादा गेहूं की फसल बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण जल चुकी है। सरकार ने बीमा कवर से बाहर बताकर किसानों को राहत से वंचित कर दिया है। सैलजा ने कहा कि अगर बीमा के तहत राहत नहीं दी जा रही तो बिजली निगम को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, क्योंकि खंभे किसानों की ज़मीन में बिना मुआवज़ा दिए लगाए जाते हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा, “भाजपा सरकार कभी किसानों की हितैषी नहीं रही। जब भी किसानों को राहत देने का मौका आता है, ये सरकार उनसे मुंह मोड़ लेती है।” उन्होंने इस फैसले को अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि एनडीआरएमएफ या एसडीआरएमएफ के माध्यम से सरकार राहत दे सकती है, अगर उसकी मंशा साफ हो।
सैलजा ने निम्नलिखित मांगें रखीं:
-
आग से नष्ट फसलों को भी बीमा मुआवजे में शामिल किया जाए
-
बीमा कंपनियों पर निगरानी बढ़ाई जाए
-
आग से पीड़ित किसानों को तुरंत अंतरिम राहत दी जाए
-
संसद में इस मुद्दे पर नीति बदलाव के लिए चर्चा कराई जाए
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को किसान पंचायतों के माध्यम से हर गांव और जिले तक लेकर जाएगी और सरकार पर दबाव बनाएगी कि वह फैसला वापस ले।
📌 ‘बेटी बचाओ’ सिर्फ नारा, हकीकत में बेटियां असुरक्षित: कुमारी सैलजा
➡️ जींद की घटना ने हिलाया प्रदेश, 5 साल की मासूम की हत्या
➡️ भाजपा राज में बढ़े बेटियों पर अत्याचार
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में बेटियों पर हो रहे अत्याचारों ने ‘बेटी बचाओ’ अभियान की पोल खोल दी है। जींद की दिल दहला देने वाली घटना, जिसमें एक महिला के साथ गैंगरेप हुआ और उसकी पांच वर्षीय बेटी की हत्या कर दी गई, ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है, अपराधियों को कानून का डर नहीं है। सैलजा ने मांग की कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर ऐसी सज़ा दी जाए जो नजीर बने।







































