सिटी बिग न्यूज | हिसार
शुक्रवार को हांसी अनाज मंडी में उस वक्त हंगामा मच गया जब नाराज आढ़तियों ने लिफ्टिंग प्रक्रिया की धीमी गति के विरोध में मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में गेहूं की खरीद तो हो रही है, लेकिन उठान की प्रक्रिया बेहद सुस्त है, जिससे व्यापार में भारी परेशानी हो रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार दयाचंद मौके पर पहुंचे और आढ़तियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
हांसी अनाज मंडी के प्रधान राम अवतार तायल ने कहा कि जे फॉर्म कटते ही किसान को भुगतान मिलना चाहिए। अगर पेमेंट लिफ्टिंग के बाद होगी तो इससे किसान, आढ़ती और मजदूर सभी प्रभावित होंगे।
तायल ने बताया कि मंडी में अब तक 14.5 लाख गेहूं बैग आ चुके हैं, लेकिन सिर्फ 5.5 लाख बैग का उठान हुआ है, जिससे मंडी में गेहूं के ढेर लग चुके हैं।
आढ़तियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जिला स्तरीय और ज़रूरत पड़ी तो राज्य स्तरीय आंदोलन करेंगे।
एसडीएम ने बताया कि आढ़तियों द्वारा बताए गए 14 लिफ्टिंग पॉइंट पर रोटेशन के आधार पर गाड़ियां भेजी जा रही हैं और उठान का कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसान और मजदूरों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।







































