सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के सिरसा रोड पर स्थित गांव ढंढूर के पास बने डंपिंग स्टेशन में वीरवार को काम करते समय 54 वर्षीय सुरेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक वहां स्वीपर के पद पर कार्यरत था और ठेकेदार के माध्यम से नियुक्त था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने हिसार के नागरिक अस्पताल में शव को लेने से इंकार करते हुए धरना शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और उन्हें आर्थिक सहायता नहीं मिलती, वे शव नहीं उठाएंगे।
जींद के नरवाना निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता सुरेश कुमार तलवंडी राणा में रहते थे और गांव ढंढूर स्थित डंपिंग प्लांट में स्वीपर के रूप में कार्यरत थे। अजय ने आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर कोई भी मूलभूत सुविधा नहीं थी, न तो छाया की व्यवस्था थी और न ही बैठने या आराम करने के लिए उचित स्थान। वहां केवल एक लोहे का कंटेनर है जो गर्मी में बेहद तपता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि गर्मी और सुविधाओं की कमी के चलते ही उनके पिता की मौत हुई है।
सदर थाना पुलिस ने धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































