सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बालसमंद में पिछले 7 महीनों से रह रहे एक पाकिस्तानी हिंदू परिवार को पुलिस ने दिल्ली भेज दिया है। यह कार्रवाई हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की गई है, जिसके बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों पर सख्ती बढ़ा दी है।
15 सदस्यीय यह परिवार पाकिस्तान के सिंध प्रांत के हैदराबाद से आया था और यहां एक निजी अस्पताल की जमीन पर बने कमरों में रह रहा था। परिवार में 3 महिलाएं, 3 लड़कियां, 8 बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। वे खेतों में दिहाड़ी मजदूरी कर गुजारा कर रहे थे और खुद को हिंदू बताया था।
परिवार का वीजा 25 अगस्त 2024 को खत्म हो गया था, इसके बाद भी वे भारत में ही रह रहे थे। वीजा समाप्ति के बाद उन्होंने दिल्ली से लॉन्ग टर्म वीजा के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन उन्हें पाकिस्तान वापस लौटने का कोई इरादा नहीं था।
पुलिस के अनुसार, इस परिवार को बस के माध्यम से दिल्ली स्थित पाकिस्तानी कैंप में भेजा गया है, जहां से आगे की कार्रवाई भारत सरकार द्वारा की जाएगी।
बता दें, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानियों को दिए गए सार्क वीजा को रद्द कर दिया है और सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है।




































